कांकेर में बड़े कैडर के साथ 100 नक्सलियों का समर्पण हवा का रुख बदलने का उदघोष है।एक दिन पूर्व ही महाराष्ट्र में शीर्ष नक्सली नेता भूपति का 60 साथियों के साथ समर्पण हुआ है।
इतनी बड़ी मात्रा में समर्पण पूरे नक्सली नेटवर्क को विचलित कर रहा होगा। निश्चित ही समर्पण से असहमत नक्सली भी एक भयानक द्वंद से गुजर रहे होंगे। वे यह भी समझ रहे होंगे कि अब सुरक्षा बलों के पास नक्सलियों की रणनीतियां डिकोड हो चुकी होंगी तथा अनेक महत्वपूर्ण जानकारी समर्पित नक्सलियों के माध्यम से उनके पास होंगी।
निश्चित ही बस्तर में अब जबकि मानसून विदा हो रहा है नक्सल विरोधी आपरेशन ओर तेज होंगे तथा पहले से ज्यादा धारदार होंगे।
अर्बन नक्सल समूह हतप्रभ होगा और किंकर्तव्यविमूढ़ भी।
उसे कोई मुद्दा मिल नहीं पा रहा है।उसे लग रहा होगा कि सांपसीढ़ी के खेल में उनकी गोटी 99 से सीधे 1या 2 पर आ गई।ओर अब जबकि सुरक्षाबलों के लिए अबूझमाड़ अबूझ नहीं रहेगा उनके लिए बस्तर पर कब्जा बनाए रखना अब संभव नहीं है।अब 91 से 100 की लाइन में आना उनके लिए असंभव है।
उन्हें मालूम है कि उनकी विचारधारा आतंक के साए में ही फलती फूलती है । ओर अब जबकि आतंकित करने की उनकी क्षमता क्षीण होती जा रही है फिर से पनपना उनके लिए संभव नहीं है।
वैसे भी बस्तर का जन मन अब नक्सलवाद को लेकर अनुभवी हो चुका है।4 दशकों अर्थात 2 पीढ़ियों ने नक्सल को निकट से देखा है। सुनहरे वादे लेकर आए नक्सलियों ने कैसे शांत बस्तर को आतंक के साए में ढक लिया था इसे उन्होंने भोगा है।
बस्तरिया भोले भाले भले ही हैं ,बुद्धू नहीं है।तूफान खड़ा करना उनकी शैली नहीं है पर चुपचाप एक बड़ी क्रांति करना उनकी प्रकृति में है।नक्सल को उन्होंने चुपचाप अपनाया और उसे ताकत दी और अब उसे चुपचाप उखाड़ भी फेंकेंगे।
अबूझमाड़ के भूगोल को तो समझा जा सकता है पर बस्तरिया जन मन को विद्वता ,जान, अहंकार के चश्मे से समझना आगे भी मुश्किल होगा । वामपंथ के झंडाबरदार इको सिस्टम जितना जल्दी इसे समझ ले उतना देश का भला होगा ।प्रश्न यही है कि उग्रवाद के समर्थक वामपंथी अब बदलेंगे या कुत्ते की दुम टेडी ही रहेगी ?
इस से भी बड़ा प्रश्न है कि बस्तर ने तो बहुत कुछ समझ लिया पर मोदी ओर शाह की मंशानुरूप बस्तर का जमीनी प्रशासन अपने आप को बदलेगा या नहीं ? उन्हें सबसे पहले यह समझने की जरूरत है कि नक्सल पौध को लगाने के लिए गड्ढे भी उन्होंने ही खोद कर दिए थे और उनकी जड़ों को मजबूत करने के लिए खाद पानी भी उन्होंने ही दिया था।
हम विश्वास करना चाहते हैं कि नवा रायपुर के महानदी,अरण्य भवन ओर PHQ अब बहुत समझदार हो चुके होंगे और किए कराए पर पानी नहीं फिर जाए इस हेतु पूरी संवेदना और जिम्मेदारी से नीति निर्धारण करेंगे और लोकतंत्र की महान अवधारणा को बस्तर के चप्पे चप्पे तक क्रियान्वित करेंगे।
इसी से नक्सलवाद की जड़ों में मट्ठा डलेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें