खूब लड़ी मर्दानी वह तो............
पश्चिम बंगाल में आंकड़ो के स्तर पर बड़ी उपलब्धि किन्तु उम्मीदों के स्तर पर कमजोर प्रदर्शन से भाजपा निश्चित ही मायूस होगी।उसकी इस मायूसी ने असम में दुबारा सत्ता में आने के खुशी की अभिव्यक्ति पर ग्रहण ही लगा दिया।यद्यपि विचारधारा के धरातल पर असम में दुबारा सरकार में आना भाजपा के लिए एक बड़ी उपलब्धि ओर संतोष का विषय है। राष्ट्रीय सुरक्षा और अवैध विदेशी घुसपैठ जैसे वैचारिक मुद्दों के संदर्भ में असम में भाजपा की विजय महत्वपूर्ण है। वहाँ यदि भाजपा हारती तो वह उसके लिए पश्चिम बंगाल के दुःख से ज्यादा गहरा आघात देने वाला परिणाम होता।
यद्यपि इन पंक्तियों के लेखन तक अंतिम परिणाम नही आये हैं पर जो रुझान हैं लगभग वे ही परिणामों में परिवर्तित होंगे।इन परिणामों ने सभी को खुश होने की कुछ ना कुछ वजहें दी हैं।कांग्रेस और कम्युनिस्ट खुश हैं कि बंगाल में उन्होंने (?) भाजपा को रोक दिया।भाजपा खुश है कि उसने कुछ पाया ही है तथा कांग्रेस और उतार पर पहुंच गई है। द्रमुक खुश है कि हमें तो आना ही था और हम आ गए।ममता दीदी सबसे ज्यादा खुश हैं जिसकी वे हकदार हैं पर अब उन्हें एक अलग प्रकार के विपक्ष से मुकाबला करना है।उस दल से जो एक वार घुस गया तो समय कितना भी लगे ओर संघर्ष कितना भी करना पड़े पर पूरा कब्जा करके छोड़ता है।
कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल छोड़कर बहुत कुछ खोया नही है।असम तो उसका था ही नही,ओर बंगाल उसकी सूची में ही नही था। हर बार सत्ता परिवर्तन के सूत्र से केरल में उसे आना था पर केरल भी उसका था तो नही।वहाँ भी उसने कुछ नही खोया।तमिलनाडु में गठबंधन सरकार का वह अंग होगी।पुडुचेरी जैसा छोटा राज्य जाने के दुःख को वह तमिलनाडु के सुख से समायोजित कर उपलब्धि के तर्क दे सकती है। कांग्रेस धीरे धीरे उस ओर बढ़ रही है जहाँ उसके पास खोने के लिए बहुत कुछ नही होगा।कभी कभी यह भी एक सुविधाजनक( Comfortable) स्थिति रहती है,जिसकी शायद आज कांग्रेस नेतृत्व को सबसे ज्यादा जरूरत है।
सबसे ज्यादा चिंता की स्थिति भाजपा के लिए है। उसके पास खोने के लिए बहुत कुछ है,ओर इन परिस्थितियों में आने वाली परेशानियां भी ताकतवर होकर सामने आएंगी।
अगले मार्च अप्रेल में उत्तर प्रदेश ,उत्तराखंड और पंजाब के चुनाव तथा फिर से खड़ा होने वाला किसान आंदोलन और तुरंत सामने खड़ा कोरोना का युद्ध।कोरोना के मोर्चे पर सरकार आज बैक फुट पर है उससे उसे तुरंत बाहर आना होगा।
कहा जाता है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह किसी की नही सुनते पर प्रश्न तो उठेंगे ही।बंगाल में गलती कहां हो गई ?
लड़ाई तो पूरी ताकत से लड़ी, किन्तु परिणाम बता रहे हैं कि गलतियां तो हुई हैं ? बाहरी के मुद्दे को नही सम्हाल पाए या पार्टी में तृणमूल से आये नेताओं के कारण मूल भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाओ को नही समझ पाए ? हिन्दू राष्ट्रवाद और बंगाली अस्मिता का संतुलन नही बैठा पाना भी एक कारण है क्या ? या ममता पर जरूरत से ज्यादा कठोर आक्रमण ने महिलाओं को भाजपा से विमुख कर दिया ? समय है नड्डा जी को बंगाल के अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से सुनने का।इससे उन्हें आगे के चुनावों के लिए राह मिलेगी और बंगाल के कार्यकर्ताओं को मजबूती मिलेगी क्योंकि अब अगले 5 वर्ष उनके लिए भीषण दमन और संघर्ष के हो सकते हैं।और हाँ तमिलनाडु के लिए बहुत अलग रणनीति ओर मेहनत की जरूरत है अन्यथा यह प्रदेश दूर की कौड़ी ही रहेगा ,इन चुनाव परिणामो का यह निशब्द सन्देश है।
फिलहाल तो ममता के लिए यह कहना ही होगा कि खूब लड़ी मर्दानी वो तो बंगालियों की रानी थी ओर प्रशांत किशोर को अपने अनुबंध के अनुसार पंजाब तो जाना ही है जहां उनके लिए बहुत काम आज तो नजर नही आ रहा है,यद्यपि उन्होंने यह काम छोड़ने की बात कही है।
चलते चलते- तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यालय जलाना तृणमूल को बहुत भारी पड़ेगा ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें