कोरोना की दूसरी लहर निश्चित ही पहली लहर से ज्यादा संक्रामक,ज्यादा गतिवान ओर ज्यादा मारक है।इस दूसरी लहर ने सारी व्यवस्थाओं को फिर एकबार ध्वस्त कर दिया।शासन प्रशासन को बदहवास ओर समाज को भयाक्रांत कर दिया।एक बार फिर थोड़ी गिरावट वाली राजनीति के रंग भी दिखे।मीडिया के एक बड़े हिस्से ने फिर एक वार अपनी उपयोगिता सिद्ध करते हुए भी अपने स्वभाव के अनुरूप नकारात्मकता का तूफान खड़ा कर दिया।न्यायमूर्तियों की असामान्य टिप्पणियां भी आईं जो चर्चा में हैं।
इस सबके बावजूद देश कोरोना को हराने के जज्बे के साथ खड़ा है।कुछ राज्यो में पीक निकल गया और अब वहाँ स्थितियां नियंत्रण में आ रही हैं।जिन राज्यों में पीक है वहां भी स्थितियां नियंत्रण में लाने के लिए भरसक प्रयास हो रहे हैं।मई अंत तक दूसरी लहर का पीक भी निकल जायेगा यह अनुमान है।
दोनो लहरों के अनुभव के वाद हम ज्यादा अनुभवी हो चुके होंगे।इन अनुभवों का लाभ हम कैसे लेते हैं यह महत्वपूर्ण है।हम से कई गलतियां हुईं हैं, उसके परिणाम देश ने भुगत लिए,आगे उनसे सीखने की बारी है।इन गलतियों,भूलों ओर कमियॉ पर वस्तुपरक अध्ययन और विश्लेषण होता है तो आगामी कोरोना लहरों को उसी प्रकार न्यूनतम नुकसान के साथ पार पा सकेंगे जैसे आजकल भारत समुद्री तूफानों को झेल जाता है।
चिकित्सा,प्रशासन और समाजसेवा के क्षेत्र के कई महानुभावो से चर्चा में अनुभवजन्य सुझाव आये हैं,उन्हें इसी उद्देश्य से प्रस्तुत कर रहा हूँ।
महामारी में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है मानव समाज की।
उसकी परिस्थिति ओर मनःस्थिति को समझना इस लड़ाई का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है।राजनीतिक नजरिये से कुछ भी कहा जाए पर यह सच है कि लड़ाई के पहले चरण में प्रधानमंत्री जी द्वारा ताली थाली द्वारा इतने विशाल देश मे अद्भुत तरीके से जो व्यापक जागरण किया गया उसने पहले दौर के लड़ाई की नींव रख दी थी।दूरी,मास्क ओर हाथ धोना ये त्रिसूत्र स्थापित हो गए।दुर्भाग्य से कोरोना की लड़ाई में जन प्रबोधन के इन मुद्दों से हम आगे नही बढ़ पाये जबकि वायरस के बदलते स्वरूप के बाद हमे इसमें कुछ और जोड़ना था,जिस पर ध्यान नही दिया या बहुत कम ध्यान दिया गया।
कोरोना की दूसरी लहर में हमें ज्यादा ऑक्सीजन बेड ओर ज्यादा वेंटिलेटर की जरूरत पढ़ी ओर इसी की कमी ने बदहवासी का वातावरण बना दिया।विशेषज्ञों का यह मानना है कि इलाज प्रारम्भ करने में विलम्ब या अस्पताल पहुंचने में विलम्ब के कारण अधिकांश केस बिगड़े। एक बार कोरोना पॉजिटिव घोषित होते ही जिन असुविधाओं ओर परेशानियों को झेलना पड़ता है उससे बचने की इच्छा ही इस विलम्ब का मूल कारण है।दो या तीन कमरों के मकान में आइसोलेट होना सभी घरवालों को अस्तव्यस्त कर देता है,घरेलू श्रमिक जैसे मेड,कूक,वाहनचालक काम पर आना बंद कर देते हैं।व्यापार व्यवसाय या नौकरी पर जाना बंद हो जाता है,कई जगह तो कोरोना टेस्ट कराना अपने आप मे दुष्कर कार्य था,घर आकर टेस्ट करना कि सुविधा बहुत कम और ज्यादा महंगी थी।कोरोना रिपोर्ट में असाधारण विलंब तो अक्षम्य है।इन सब व्यवहारिक कठिनाइयों को लेकर ना तो समाज की मनःस्थिति को तैयार किया गया ना ही इन कठिनाइयों को दूर या सरल करने के बारे में कुछ सोचा गया।
महामारी के संदर्भ में दूसरा महत्वपूर्ण क्षेत्र है चिकित्सा जगत।अस्पताल सरकारी हो या निजी,चिकित्सक ओर सहयोगी स्टाफ सरकारी हो या निजी ना तो इनकी सुविधाओं,ना ही इनकी कठिनाइयों के वारे में बहुत ज्यादा सोचा गया।यदि ठीक से संवाद किया गया होता,ठीक से योजना बनाई जाती ओर इनकी अंतरनिहित क्षमता का दोहन किया गया होता तो इनकी क्षमता और कार्यदक्षता 15 से 20 %आसानी से बढ़ाई जा सकती थी।(और समग्र आकलन करेंगे तो चिकित्सा सुविधाओं की दृष्टि से लगभग 20 % की ही कमी पड़ी है,जिसने यह आपाधापी की स्थिति बना दी।
यदि सरकारें हर अस्पताल को 20%वेंटिलेटर बढ़ाने के लिए ब्याज रहित लोन दे देती,या वेंटिलेटर खरीदने के लिए कुछ सब्सिडी घोषित कर देती तो परिदृश्य अलग हो सकता था।इसीप्रकार हर अस्पताल को 20% बेड बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करती तो समस्या विकराल नही होती।हर अस्पताल अपनी छत पर,अपने परिसर में या पार्किंग इलाके में अस्थाई संरचना खड़ी कर तात्कालिक विस्तार कर सकते थे।केवल सरकार को अपने नर्सिंग होम एक्ट में कुछ समय (आपातकाल)के लिए कुछ नियमों को शिथिल करना होता।भविष्य के लिए भी नर्सिंग ओर पैरामेडिकल तथा विभिन पैथियों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता ओर अनिवार्यता से टीकाकरण करवा दिया जाए तो भविष्य के लिए एक बहुत विशाल कर्मशक्ति उपलब्ध हो सकती है।
तीसरा महत्वपूर्ण क्षेत्र है सामाजिक संग़ठन ओर कार्यकर्ता।
जब परिस्थितियां बहुत बिगड़ जाती हैं तब ये सामाजिक क्षेत्र सक्रिय होता है और अभी तक के उदाहरण हैं कि ये परिस्थितियों को बहुत कुछ सम्भाल लेते है।वास्तव में तो ये जन आक्रोश की छुपी लहर को रोक लेते हैं।परन्तु इनके साथ स्थानीय प्रशासन का बहुत अच्छा सम्वाद नही होता है।यदि इस अद्भुत शक्ति को प्रोत्साहित किया जाए और उसे कुछ मूलभूत सुविधा उपलब्ध करा दी जाएं तो सरकारी तंत्र की बहुत सारी कमियों का एक उत्कृष्ट विकल्प दे सकते हैं।आज कई शहरों में मैनेजमेंट के शिक्षा संस्थान चलते हैं उनके प्राध्यापकों ओर छात्रों को इन सामाजिक संगठनों के साथ समायोजित कर दिया जाए तो आपदा से निपटने के अद्भुत प्रारूप सामने आ सकते हैं।
चौथा महत्वपूर्ण क्षेत्र है प्रशासनिक ओर अन्य कर्मी जिन्हें हम कोरोना वारियर के रूप में जानते हैं।इन्हें कुछ प्रयोग करने की छूट,छोटी छोटी मीटिंग करने परिस्थितियों का विश्लेषण और विकल्प ढूंढने के अवसर ओर छूट।कोरोना की लड़ाई लड़ते हुए इनके व्यक्तिगत जीवन की सुख सुविधायों की चिंता।कार्य का बोझ बढ़ता जाता है पर जरूरी सुविधायों से वे वंचित रहते हैं जो उनकी लड़ने की क्षमता का ह्रास करता है।उदाहरण के लिए प्रशासन में एक नोडल अधिकारी का ड्राइवर कोरोना पॉजिटिव हो जाए तो उसे दूसरा ड्राइवर मिलने में कितनी परेशानी होगी हम समझ सकते हैं।
ये कुछ छोटी छोटी किन्तु महत्वपूर्ण बातें हैं जिन पर ध्यान दिया जाए तो भविष्य में आने वाली आपदाओं पर हम आसानी से विजय पा सकते हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें